रिपोर्ट: अभिषेक तिवारी
अयोध्या
अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य व दिव्य मंदिर का सदियों पुराना सपना साकार होने ही वाला है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमिपूजन व शिलान्यास करेंगे। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर में गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत व योग गुरू बाबा रामदेव अयोध्या पहुंच चुके हैं। देर रात तक कई अन्य लोग भी पहुंचेंगे।
वहीं, राम मंदिर निर्माण के लिए सोमवार से ही अयोध्या में अनुष्ठानों का दौर शुरू हो चुका है। 21 वैदिक आचार्यों ने सोमवार सुबह 9 बजे यजमान महेश भरतचक्रा को संकल्प दिलाते हुए पूजन प्रारंभ किया। मंगलवार को रामार्चा पूजा हो रही है, जिसे डॉ.रामानंद दास करा रहे हैं। कल भूमिपूजन के दिन अयोध्या, मथुरा, काशी व दिल्ली के आचार्य पूजन कराएंगे।
उधर, शाम से ही राम की नगरी अयोध्या दीपोत्सव के साथ ही भक्तिभाव में डूब गई। सरयू के तट पर लंबी कतारें बनाकर दीपमालिकाएं तैयार की गईं और इन्हें प्रज्वलित किया गया। इसके साथ ही नगर में लोग अपने घरों में दीप जलाकर, रामायण व सुंदरकांड का पाठ कर रहे हैं।
0 comments: