ब्यूरो रिपोर्ट
अयोध्या। महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण व सुरक्षा के प्रति जागरूकता को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन शनिवार से खास अभियान की शुरुआत की गई। मिशन शक्ति नाम से यह अभियान वासन्तिक नवरात्र यानी 6 माह तक चलेगा। कोतवाली नगर में एक गोष्ठी आयोजित कर अभियान की शुरुआत नोडल अफसर व आईजी भर्ती बोर्ड पद्मजा चौहान ने की। गोष्ठी में शहर की सैकड़ों महिलाएं मौजूद रही। जनपद की नोडल अधिकारी व आईजी भर्ती बोर्ड पद्मजा चौहान ने महिलाओं से संबंधित सुरक्षा के टिप्स दिए। इसके साथ ही सुरक्षा से संबंधित वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 व एंबुलेंस सेवा 108 की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप पूरे प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए उनको जागरूक किया जा रहा है। साथ ही किसी भी दिक्कत या परेशानी से पुलिस को किस तरह से संपर्क करना है उस नंबरों की उपयोगिता के बारे में बताया। कहा कि यह खास अभियान नवरात्र भर विशेष होगा। जबकि अभियान 6 महीने का है। इस नवरात्रि लेकर अगले वासन्तिक
नवरात्र तक अभियान चलता रहेगा। महिलाओं से सम्बन्धित घरेलू हिंसा या कोई अन्य समस्याओं को लेकर दिक्कत आती है तो वे किन किन नंबर को डायल कर सकती है, उसकी उपयोगिता बताई जा रही है। गोष्ठी में स्थानीय महिलाओं के साथ-साथ स्वयंसेवी संगठन से जुड़ी महिलाएं भी मौजूद रही। साथ ही जनपद के डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार जिला अधिकारी अनुज झा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
0 comments: